Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत कीर्तिनगर क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज न्यूली में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में करीब 85 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे की पहल और निर्देशन में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में 19 मई 2026 को महिला उपनिरीक्षक सुषमा रावत थाना कीर्तिनगर द्वारा विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान पुलिस टीम ने महिला अपराधों और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए महिला हेल्पलाइन नंबरों तथा कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से समझाया और बच्चों को सतर्क एवं सुरक्षित रहने के लिए जागरूक किया। इसके साथ ही ऑनलाइन ठगी फर्जी लिंक ओटीपी फ्रॉड सोशल मीडिया हैकिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। कार्यक्रम के दौरान साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन और साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया। इसके अलावा सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने यातायात नियमों का पालन करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा पूछे गए सवालों का पुलिस अधिकारियों ने सरल और प्रभावी ढंग से उत्तर दिया। विद्यालय प्रशासन और छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने सभी थाना प्रभारियों को भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp