Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सड़कों को सुरक्षित बनाने के साथ यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए विभिन्न विभागों की समन्वित भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी और परिणामपरक कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर उनके निराकरण के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में सड़कों का थर्ड पार्टी रोड सेफ्टी ऑडिट कराने पर विशेष जोर दिया गया ताकि स्वतंत्र तकनीकी मूल्यांकन के माध्यम से सड़क सुरक्षा से संबंधित कमियों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य किए जा सकें। दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थानों पर सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने पर भी चर्चा की गई। यातायात नियमों के उल्लंघन और दुर्घटना संभावित स्थलों की प्रभावी निगरानी के लिए कैमरों तथा अन्य डिजिटल माध्यमों से निगरानी बढ़ाने पर बल दिया गया। इसके साथ ही सड़कों और सड़क किनारे यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित विभागों की समन्वित कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया गया। बैठक में सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। विद्यालयों और महाविद्यालयों के साथ सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने के साथ सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक शैत और अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डीपी सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन हरिद्वार निखिल शर्मा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन हरिद्वार नेहा झा के साथ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन रुड़की जितेंद्र चंद तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन रुड़की कृष्ण चंद्र उपस्थित रहे। बैठक में पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ लोक निर्माण विभाग नगर निगम तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *