Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर में चारधाम यात्रा सीजन के दौरान बाहरी राज्यों से आए संदिग्ध समूहों की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। गुरुवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर कई युवतियां लोगों से पैसे मांगते हुए दिखाई दीं। उनके हाथ में एक कागज था जिस पर आर्थिक मदद की मांग लिखी हुई थी। युवतियां राहगीरों और दुकानदारों से पैसे मांग रही थीं। मामले की जानकारी मिलने पर मेयर आरती भंडारी मौके पर पहुंचीं और युवतियों से पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने खुद को राजस्थान के मारवाड़ी क्षेत्र का निवासी बताया। युवतियां कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकीं। वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस प्रकार शहर में घूमकर पैसे मांगने पर आपत्ति जताई। मेयर आरती भंडारी ने महिलाओं को शहर में इस प्रकार की गतिविधियां नहीं करने की सख्त चेतावनी दी और तत्काल श्रीनगर छोड़ने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी शहर के एक वार्ड में इसी तरह की महिलाओं के घूमने की सूचना स्थानीय पार्षद द्वारा पुलिस को दी गई थी। उस समय पुलिस ने पूछताछ के बाद उन्हें शहर छोड़ने की हिदायत दी थी। अब दोबारा इसी प्रकार का समूह सामने आने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेयर आरती भंडारी ने श्रीनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह को दूरभाष पर सूचना देकर संबंधित महिलाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी युवतियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस उनके शहर में आने के उद्देश्य और गतिविधियों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp