Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता और अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला गंगा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा स्वच्छता एसटीपी संचालन और सुधार कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में विगत माह एसटीपी प्लांटों को राष्ट्रीय हरित अधिकरण के मानकों के अनुरूप संचालित किए जाने संबंधी निर्देशों पर संबंधित विभागों और अधिकारियों से कार्यवाही रिपोर्ट मांगी गई थी। समीक्षा के दौरान पाया गया कि जल संस्थान मुनिकीरेती गंगा इकाई द्वारा अब तक रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस पर जिलाधिकारी ने एसटीपी प्लांट पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा श्रीनगर के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि देवप्रयाग में 217 मीटर सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में घरों को सीवर लाइन से जोड़ने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसके अलावा जानकारी दी गई कि 10 केएलडी क्षमता वाले कीर्तिनगर एसटीपी के डिस्चार्ज मापन के दौरान लगभग 40 केएलडी डिस्चार्ज प्राप्त हो रहा है। अतिरिक्त डिस्चार्ज के समाधान के लिए 5000 लीटर क्षमता का टैंक स्थापित किया गया है तथा एसटीपी की क्षमता बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। बैठक में भागीरथी पुरम स्थित एसटीपी प्लांट के नवीनीकरण को लेकर अपर जिलाधिकारी ने जल संस्थान नई टिहरी के अधिशासी अधिकारी को प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि राज्य स्वच्छ गंगा मिशन उत्तराखंड से प्रस्तावित कार्यों के लिए बजट उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp