Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी मानसून की तैयारियों और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक और तहसील स्तर के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि मानसून से पूर्व आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि जनपद के किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए नगर निगम जिला पंचायत पंचायतीराज विभाग नगर पालिकाएं नगर पंचायतें लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़े अधिकारियों को अपने अधीनस्थ नालों नालियों और कलमाठों की मानसून से पहले अनिवार्य रूप से सफाई कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने तहसील और खंड विकास स्तर के अधिकारियों को आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी उपकरणों को सुचारू स्थिति में रखने के निर्देश दिए। साथ ही संभावित आपदा को देखते हुए राहत केंद्रों को पहले से तैयार रखने और उनमें सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। आपदा नियंत्रण कक्ष को भी सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। सिंचाई विभाग को निर्देशित किया गया कि जिन क्षेत्रों में जलभराव और भूमि कटाव की संभावना रहती है वहां निरीक्षण कर चिन्हांकन किया जाए और तटबंधों की मरम्मत सहित आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। जिलाधिकारी ने जल संस्थान और पेयजल निगम को निर्देश दिए कि बढ़ती गर्मी के दौरान किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट न होने दिया जाए। पेयजल लाइनों में लीकेज की स्थिति में तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए। जनपदवासियों की सुविधा के लिए पेयजल संबंधी शिकायतें जल संस्थान के टोल फ्री नंबर 18001804100 पर दर्ज कराई जा सकती हैं। विद्युत विभाग को गर्मी के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और अनावश्यक कटौती से बचने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को मानसून के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत रखने और डेंगू की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पशु चिकित्सा विभाग को भी संभावित आपदा और भीषण गर्मी को देखते हुए पशुओं के लिए चारे की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। जिला पूर्ति अधिकारी को जलभराव संभावित क्षेत्रों में संचालित राशन दुकानों का चिन्हांकन कर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही निरस्त और संबद्ध राशन दुकानों का विवरण उपलब्ध कराने को भी कहा गया।‌ आगामी मानसून और कांवड़ मेले को देखते हुए एनडीआरएफ एसडीआरएफ और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित चंद जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पॉल अग्निशमन अधिकारी वंश यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp