प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान यातायात दबाव और ट्रैफिक जाम की समस्या से श्रद्धालुओं एवं आमजन को राहत देने के उद्देश्य से अब यात्रा मार्गों पर पुलिस मोबाइल बाइक टीमें लगातार गश्त करती नजर आएंगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने पुलिस लाइन पौड़ी से 5 नई बुलेट मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर जनसेवा के लिए रवाना किया। ये मोबाइल बाइक टीमें यात्रा मार्गों और थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने ट्रैफिक जाम की स्थिति को नियंत्रित करने तथा जरूरतमंद लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करेंगी। यात्रा मार्गों पर कई स्थान ऐसे हैं जहां संकरे रास्ते भारी वाहनों का दबाव और अचानक बढ़ने वाला ट्रैफिक जाम बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे स्थानों पर बड़ी गाड़ियों की तुलना में मोबाइल बाइक टीमें अधिक तेजी और प्रभावी तरीके से मौके पर पहुंच सकेंगी। इसके अतिरिक्त पुलिस मोबाइल बाइक टीमें लगातार गश्त और पेट्रोलिंग करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। किसी भी दुर्घटना स्वास्थ्य आपात स्थिति अथवा अन्य सूचना मिलने पर यह टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता और कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।
