प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। घनसाली क्षेत्र में तेज बारिश और आंधी-तूफान के बीच टिहरी पुलिस एसडीआरएफ और वन विभाग की तत्परता से बाधित यातायात को जल्द सुचारू कर दिया गया। थाना घनसाली पुलिस को सूचना मिली कि घनसाली से करीब पांच किलोमीटर दूर पिलखी अस्पताल के समीप तेज बारिश और आंधी-तूफान के कारण एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया है। पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही थाना घनसाली पुलिस तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। साथ ही वन विभाग और एसडीआरएफ टीम को भी आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर बुलाया गया। संयुक्त टीम ने त्वरित और समन्वित कार्रवाई करते हुए सड़क पर गिरे पेड़ को काटकर सुरक्षित रूप से सड़क किनारे हटाया। संयुक्त प्रयासों के चलते कुछ ही समय में बाधित यातायात को दोबारा सुचारू कर दिया गया और मार्ग पर आवागमन सामान्य रूप से शुरू करा दिया गया। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम और आंधी-तूफान के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दें।
