प्रदीप कुमार
कनखल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कनखल क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बालिका को हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। कनखल थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री दक्ष मंदिर में पूजा करने गई थी लेकिन वापस नहीं लौटी। सूचना मिलते ही कनखल कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। मामला नाबालिग बालिका से जुड़ा होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक और प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से बालिका की लोकेशन तितावी मुजफ्फरनगर में ट्रेस की। पुलिस टीम ने बिना देरी किए मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से दोनों को पकड़ लिया गया। उनके साथ मौजूद नाबालिग बालिका की पहचान कनखल क्षेत्र से लापता हुई बालिका के रूप में हुई। पुलिस दोनों आरोपियों को थाना लेकर आई और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन कुन्नु निवासी ग्राम हेवा थाना छतरौली जिला बागपत और हर्षवर्धन निवासी ग्राम मुकुंदपुर थाना तितावी जिला मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। नाबालिग बालिका के सकुशल बरामद होने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ललित मोहन अधिकारी मुख्य आरक्षी प्रमोद कुमार महिला आरक्षी रेखा शर्मा और आरक्षी वसीम शामिल रहे।
