Spread the love

प्रदीप कुमार
रानीपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत हरिद्वार पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने वाहन चोरी का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। टांडा टीस सिडकुल हरिद्वार निवासी योगेश कुमार ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल 10 दिसंबर 2025 को स्वर्ण जयंती पार्किंग क्षेत्र से अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। सूचना मिलते ही रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश में लगातार अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने शिवालिक नगर स्थित वरदान अस्पताल के सामने चेकिंग अभियान चलाया जहां से आरोपी अरविंद्र पुत्र प्रेम सिंह निवासी पुरुषोत्तमनगर थाना पथरी जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी उपनिरीक्षक चरण सिंह मुख्य आरक्षी प्रदीप अतवाड़िया और आरक्षी कुँवर राणा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp