Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार डॉ.ललित नारायण मिश्र ने नगर निगम रुड़की क्षेत्र में प्रस्तावित निराश्रित गोवंश गौशाला के विस्तार के लिए स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को गौशाला विस्तार कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निराश्रित गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए गौशाला का विस्तार किया जाना जरूरी है। गौशाला के विस्तार के बाद लगभग 200 अतिरिक्त गोवंश को आश्रय और बेहतर देखभाल की सुविधा मिल सकेगी। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से गोबर गैस आधारित पावर जेनरेशन प्लांट की स्थापना भी प्रस्तावित की जाए। उन्होंने कहा कि गोवंश से प्राप्त गोबर के निस्तारण के साथ-साथ इस प्लांट के माध्यम से गौशाला की विद्युत आवश्यकता को स्वयं उत्पादित बिजली से पूरा किया जा सकेगा। इससे गौशाला का संचालन अधिक किफायती और टिकाऊ बनेगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम रुड़की के आयुक्त आरसी तिवारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.एससी जोशी सहायक नगर आयुक्त अमरजीत कौर लोक निर्माण विभाग रुड़की के अधिशासी अभियंता राजस्व विभाग और वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। यह पहल निराश्रित गोवंश के संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp