Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा मार्ग पर प्रतिकूल मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी वर्षा और आंधी-तूफान की संभावना के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया लगातार मौसम की स्थिति होल्डिंग क्षेत्रों तथा यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारी श्रीनगर सहित संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौसम खराब होने के कारण यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने की स्थिति में श्रीनगर क्षेत्र में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में लगभग 400 वाहनों को एनआईटी मैदान एवं आवास विकास मैदान में सुरक्षित रूप से रोका गया है। उन्होंने बताया कि मौसम की स्थिति में सुधार होने पर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए वाहनों को चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जा रहा है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। साथ ही जो यात्री रात्रि विश्राम अथवा अतिरिक्त समय तक रुकना चाहते हैं उनके लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए पेयजल भोजन ठहरने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं और यात्रियों की आवश्यकताओं का ध्यान रख रहे हैं। यात्रियों की सहायता एवं समन्वय के लिए जिला प्रशासन द्वारा चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की जानकारी सहायता अथवा आपात स्थिति में यात्री तहसील कार्यालय श्रीनगर के दूरभाष नंबर 01346-251178 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त एनआईटी मैदान में संचालित सहायता केंद्र के लिए 8533851735 तथा कलियासौड़ पोर्टा केबिन सहायता केंद्र के लिए 9286486043 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। दोनों सहायता केंद्र प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक संचालित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और मौसम की स्थिति के अनुसार आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। जिला प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा मौसम सामान्य होने तक निर्धारित होल्डिंग स्थलों अथवा सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा सुविधा और आवश्यक सहायता के लिए हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp