Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने बताया कि 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद मात्र 40 दिनों के भीतर 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने इसे बाबा केदारनाथ के प्रति देश-विदेश के श्रद्धालुओं की अटूट आस्था विश्वास और समर्पण का प्रतीक बताया। विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक आंकड़ा नहीं है बल्कि देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक गरिमा और बाबा केदार के प्रति करोड़ों श्रद्धालुओं की अगाध श्रद्धा का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या स्थानीय अर्थव्यवस्था धार्मिक गतिविधियों और क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि बाबा केदारनाथ की कृपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्री केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण और विकास कार्य अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ा है। इससे धाम की दिव्यता भव्यता और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं में निरंतर विस्तार हुआ है। आज केदारपुरी में आधुनिक सुविधाओं का विकास बेहतर संपर्क मार्ग और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं को अधिक सुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान कर रही हैं। विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुरक्षा व्यवस्था स्वच्छता पेयजल तथा आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में व्यापक और प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं जिससे यात्रा पहले की तुलना में अधिक सहज और सुरक्षित बनी है। श्री केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों तथा यात्रा व्यवस्थाओं पर श्रद्धालुओं का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। आशा नौटियाल ने कहा कि तीर्थ क्षेत्र की आध्यात्मिक गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए किए जा रहे विकास कार्य आज देशभर के लिए एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने चारधाम यात्रा से जुड़े सभी विभागों स्थानीय प्रशासन पुलिस स्वास्थ्यकर्मियों स्वयंसेवी संस्थाओं तीर्थ पुरोहितों व्यापारियों तथा क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग समर्पण और बेहतर समन्वय के कारण यात्रा सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। विधायक ने देवभूमि उत्तराखंड पहुंच रहे सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए बाबा केदारनाथ से उनकी मंगलमय‌ सुरक्षित और पुण्यदायी यात्रा की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि बाबा केदार सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख शांति और समृद्धि प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp