Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। रुद्रप्रयाग जनपद में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। मौसम विभाग ने जिले में भारी वर्षा तथा आंधी-तूफान की प्रबल संभावना जताई है। वर्तमान में पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार वर्षा जारी रहने के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले यात्रियों को अस्थायी रूप से रोका जा रहा है। प्रशासन द्वारा पैदल मार्ग पर संचालित यात्रियों को निकटतम होल्डिंग क्षेत्रों एवं सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। वहीं श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्रीनगर क्षेत्र में भी केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित होल्डिंग एरिया में रोका जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम सामान्य होने तथा यात्रा मार्ग की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही वाहनों और यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। सभी व्यवस्थाओं पर जिला प्रशासन पुलिस और संबंधित विभाग लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यात्रियों से मौसम और यात्रा संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp