Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। रेनबो पब्लिक स्कूल में पांच दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। 26 मई से शुरू हुए इस शिविर का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ.रेखा उनियाल एवं उप प्रधानाचार्य रिद्धिस उनियाल की विशेष उपस्थिति रही। शिविर में नर्सरी से सातवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं को उनकी आयु और कक्षा के अनुसार विभिन्न समूहों में विभाजित किया गया। पांच दिनों तक विद्यार्थियों के लिए अनेक शैक्षणिक रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें मार्शल आर्ट योग संगीत कुकिंग साइकिलिंग स्केटिंग हस्तनिर्मित वस्तुओं का निर्माण पूल पार्टी डीजे पार्टी स्वादिष्ट व्यंजन तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और रुचि के साथ सभी गतिविधियों में भाग लिया। इससे उनके व्यक्तित्व विकास आत्मविश्वास रचनात्मकता और खेल कौशल को नई दिशा मिली। शिविर के अंतिम दिन सभी विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाने की इच्छा व्यक्त की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ.रेखा उनियाल ने विद्यार्थियों को ग्रीष्मकालीन अवकाश का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान सीखी गई गतिविधियों और कौशलों का अभ्यास विद्यार्थी अपने घरों में भी जारी रखें जिससे उनका सर्वांगीण विकास होता रहे। विद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी कि 1 जून से 6 जून तक चौरास स्टेडियम में खेल गतिविधियों से संबंधित विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का संचालन विद्यालय के खेल शिक्षकों द्वारा किया जाएगा जिसमें विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों शिक्षकों और अभिभावकों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp