Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बद्रीनाथ धाम यात्रा के दौरान चमोली पुलिस श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षा के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। यात्रा को सुगम सुरक्षित और सुखद बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों के तहत दो श्रद्धालुओं के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें सकुशल वापस लौटाए गए। पहली घटना में अहमदाबाद गुजरात निवासी रमेश का रियलमी मोबाइल फोन श्री बद्रीनाथ धाम क्षेत्र में कहीं खो गया था। मोबाइल गुम होने की सूचना मिलने पर पुलिस कर्मियों ने तत्काल खोजबीन शुरू की। कांस्टेबल जसपाल राणा और कांस्टेबल विकास ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के क्षेत्र में तलाश की और कुछ ही समय में मोबाइल फोन बरामद कर लिया। इसके बाद मोबाइल को उसके वास्तविक स्वामी रमेश को सुरक्षित सौंप दिया गया। वहीं दूसरी घटना में कटनी मध्य प्रदेश निवासी समीक्षा बाजपेयी का मोबाइल फोन भी धाम क्षेत्र में कहीं गुम हो गया था। सूचना मिलते ही कांस्टेबल विजय राणा ने तत्परता दिखाते हुए खोजबीन शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद मोबाइल फोन बरामद कर उसे सुरक्षित रूप से समीक्षा बाजपेयी के सुपुर्द कर दिया गया। अपने खोए हुए मोबाइल फोन सुरक्षित वापस पाकर दोनों श्रद्धालुओं के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने चमोली पुलिस की ईमानदारी तत्परता और सेवा भावना की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा मिला सहयोग उनके लिए बेहद सुखद अनुभव रहा। चमोली पुलिस लगातार यह सुनिश्चित कर रही है कि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। खोए सामान को तलाशकर लौटाने मार्गदर्शन देने और जरूरतमंद यात्रियों की सहायता करने जैसे कार्यों के माध्यम से पुलिस श्रद्धालुओं का विश्वास मजबूत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp