Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा मार्गों विशेषकर श्री केदारनाथ धाम हेमकुंड साहिब गंगोत्री एवं यमुनोत्री ट्रैक की वैज्ञानिक वहन क्षमता (कैरिंग कैपेसिटी) के आकलन के लिए भारतीय वन्यजीव संस्थान देहरादून द्वारा तैयार की गई ड्राफ्ट रिपोर्ट पर सुझाव और टिप्पणियां प्राप्त करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कार्यालय रुद्रप्रयाग सभागार में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय वन्यजीव संस्थान के विशेषज्ञों ने ड्राफ्ट रिपोर्ट का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। बैठक में श्री केदारनाथ धाम यात्रा से जुड़े विभिन्न स्थानीय हितधारकों जनप्रतिनिधियों व्यापारिक संगठनों होटल व्यवसायियों घोड़ा-खच्चर संचालकों बदरी-केदार मंदिर समिति विभागीय अधिकारियों तथा अन्य संबंधित पक्षों ने प्रतिभाग कर अपने सुझाव और मंतव्य प्रस्तुत किए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने भारतीय वन्यजीव संस्थान की टीम से ड्राफ्ट रिपोर्ट में शामिल विभिन्न मानकों सर्वेक्षण प्रक्रिया और आंकड़ों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने रिपोर्ट के विभिन्न पहलुओं पर अपने सुझाव भी दिए और कहा कि अंतिम रिपोर्ट को अधिक सटीक तथा व्यावहारिक बनाने के लिए सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित अद्यतन आंकड़े और सूचनाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यात्रा व्यवस्थाओं स्वास्थ्य सुविधाओं परिवहन स्वच्छता आपदा प्रबंधन आवासीय क्षमता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित नवीनतम आंकड़े भारतीय वन्यजीव संस्थान को उपलब्ध कराए जाएंगे जिससे अंतिम रिपोर्ट वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप तैयार की जा सके। बैठक के दौरान विभिन्न हितधारकों ने सुझाव दिया कि स्थानीय स्तर पर प्राप्त अनुभवों और सुझावों को भी रिपोर्ट में समुचित स्थान दिया जाए। भारतीय वन्यजीव संस्थान की टीम ने बताया कि सभी हितधारक अपने सुझाव टिप्पणियां और तथ्यात्मक आंकड़े जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से उपलब्ध करा सकते हैं। यदि रिपोर्ट में किसी आंकड़े या तथ्य के संबंध में कोई संशोधन प्रस्तावित है तो उसके समर्थन में प्रमाणित जानकारी भी उपलब्ध कराई जा सकती है। बैठक में भारतीय वन्यजीव संस्थान के विशेषज्ञ संतोषी राणा रजत सिंह राणा डॉ.तनवीक अहमद जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राम प्रकाश मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.आशीष रावत अधिशासी अभियंता डीडीएमए राजविंद सिंह एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह नगर पंचायत एवं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त व्यापार संघ होटल एसोसिएशन घोड़ा-खच्चर एसोसिएशन तथा अन्य हितधारक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp