Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। कार्यक्रम के दौरान कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया। जनता मिलन कार्यक्रम में सिरण गांव की निवासी लीला देवी ने गांव के संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को मनरेगा के माध्यम से मार्ग निर्माण तथा अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई को आवश्यकतानुसार नहर निर्माण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नंदानगर क्षेत्र के ग्रामीणों ने छुपलागाड़ में जमा मलबा हटाने की मांग उठाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी चमोली को एक सप्ताह के भीतर रिवर ड्रेजिंग कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। नंदानगर निवासी अवतार सिंह एवं राजेंद्र सिंह ने विस्थापन संबंधी समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार चमोली को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान आगामी नंदा देवी राजजात यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने के निर्देश देते हुए जिला विकास अधिकारी तथा स्वजल विभाग को राजजात मार्ग पर पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त रणजीत सिंह गुमान सिंह संदीप सहित अन्य फरियादियों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता जिला विकास अधिकारी के.के.पंत जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp