प्रदीप कुमार
चंबा-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने शुक्रवार को पुलिस लाइन चंबा में नशामुक्त भारत पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से जनपदभर में नशे के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया गया। भारत सरकार एवं उत्तराखंड शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक वर्ष 26 जून को मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत इस वर्ष 12 जून से 26 जून 2026 तक नशामुक्त भारत पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान जनपद टिहरी गढ़वाल में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि उत्तराखंड सरकार के ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को सफल बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि परिवार समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पखवाड़े के दौरान विद्यालयों महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में नशा उन्मूलन विषयक जागरूकता गोष्ठियों सेमिनारों और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नशा विरोधी रैलियां और जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत युवाओं एवं आम नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु ई-प्रतिज्ञा अभियान से जोड़ा जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से वीडियो पोस्टर डिजिटल टेम्पलेट और जागरूकता संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही एफएम रेडियो एसएमएस सेवाओं एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे। बस अड्डों टैक्सी स्टैंडों बाजारों सार्वजनिक स्थलों पुलिस थानों और चौकियों पर पोस्टर बैनर एवं पंपलेट के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायतों नगर निकायों स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से विशेष नशामुक्ति कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार मित्रों और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। यदि कहीं मादक पदार्थों की तस्करी बिक्री अथवा सेवन संबंधी कोई सूचना प्राप्त होती है तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं। पुलिस ने कहा कि नशा मुक्त भारत और ड्रग्स फ्री देवभूमि के संकल्प को साकार करने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। स्वस्थ सुरक्षित और समृद्ध समाज के निर्माण में जनभागीदारी ही इस अभियान की सफलता का आधार बनेगी।
एसएसपी श्वेता चौबे ने नशामुक्त भारत पखवाड़े का किया शुभारंभ पुलिस कर्मियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
