Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने मंगलवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के वितरण संकलन एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों के वितरण के साथ-साथ उनके समयबद्ध संकलन और डिजिटाइजेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने प्रत्येक तीन दिन के अंतराल पर बीएलओ के साथ बैठक आयोजित कर प्रगति की समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारी को विधानसभा क्षेत्रवार गणना प्रपत्रों के वितरण संकलन एवं डिजिटाइजेशन की अद्यतन सूचना प्रतिदिन प्रातः 10 बजे तथा सायं 8 बजे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि कार्यों की नियमित और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने सभी ईआरओ को मॉनिटरिंग के लिए आवश्यक प्रारूप तैयार करने तथा गणना प्रपत्रों के संग्रहण की स्पष्ट कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही बीएलओ के साथ तत्काल बैठक कर भौतिक रूप से संकलन की प्रक्रिया में तेजी लाने और शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ करने को कहा। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ.आर.चौहान सहायक निर्वाचन अधिकारी एस.एल.शाह समस्त ईआरओ एईआरओ सूचना विज्ञान अधिकारी एनआईसी हेमन्त काला सहित अन्य निर्वाचन अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp