Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत विकास खंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत पठाली में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन की समस्याओं को सुनना और उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित विभागों तक प्रभावी रूप से पहुंचाना रहा। जन संवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न स्थानीय एवं जनहित से जुड़ी समस्याएं विस्तार से रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक पहुंचने वाला सड़क मार्ग लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है जिससे आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण पूर्ण होने पर स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी और भविष्य में यह मार्ग यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी उपयोगी हो सकता है। ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए मांग की कि नगर पंचायत ऊखीमठ के अंतर्गत पिंगला पानी के लिए प्रस्तावित पेयजल योजना से ग्राम पठाली को भी जोड़ा जाए जिससे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सके। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि भालू और बाघ के कारण खेती-बाड़ी को भारी नुकसान हो रहा है तथा ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। महिलाओं ने गांव की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोलर लाइटें लगाए जाने की भी मांग की। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने विधायक निधि से निर्मित प्रतीक्षालय के क्षतिग्रस्त होने दुर्गाधार मंदिर के सुधार कार्य सड़क मार्ग के पुनरुद्धार तथा आंगनबाड़ी भवन की छत निर्माण जैसी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग भी रखी। जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सभी मांगों और शिकायतों को संबंधित विभागों के समक्ष प्राथमिकता के आधार पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर विकास खंड ऊखीमठ के कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप तिवारी ग्राम प्रधान मनोहर सिंह नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp