Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल।आई4सी यानी भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र और गृह मंत्रालय भारत सरकार की पहल तथा पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देशानुसार टिहरी पुलिस का साइबर सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान जारी है। साइबर जागरूक उत्तराखंड सुरक्षित डिजिटल उत्तराखंड थीम के अंतर्गत जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना छाम और थाना घनसाली पुलिस ने विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को साइबर अपराधों से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी। थाना छाम पुलिस ने विद्यालयों में निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कीं जबकि राजकीय इंटर कॉलेज कमांद में अभिभावकों को साइबर अपराधों से बचाव और बच्चों की बेहतर देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। वहीं थाना घनसाली पुलिस ने हिमालयन पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को साइबर अपराध ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट के बारे में जानकारी दी। राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत थाना छाम पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज थोलधार राजकीय इंटर कॉलेज भल्डियाना और राजकीय इंटर कॉलेज छाम में साइबर जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध ऑनलाइन ठगी फर्जी कॉल डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों को आगाह किया कि वे अपनी ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। विद्यार्थियों में जागरूकता और रचनात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने छात्र-छात्राओं से जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक हो सकें। थाना छाम पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज कमांद में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को भी जागरूक किया। अभिभावकों को वर्तमान में प्रचलित साइबर अपराधों ऑनलाइन धोखाधड़ी और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखने उनकी उचित देखभाल करने उन्हें अच्छे संस्कार देने और सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करने की अपील की। इस दौरान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अभिभावकों की भूमिका और सकारात्मक मार्गदर्शन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और उनके योगदान के साथ राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों और अभिभावकों को राष्ट्रीय एकता अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने का संदेश दिया गया। वहीं थाना घनसाली पुलिस ने हिमालयन पब्लिक स्कूल घनसाली में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध वित्तीय साइबर धोखाधड़ी डिजिटल अरेस्ट फिशिंग सोशल मीडिया धोखाधड़ी बैंकिंग धोखाधड़ी ई-कॉमर्स धोखाधड़ी और ऑनलाइन उत्पीड़न जैसे अपराधों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों को इन अपराधों से बचाव के उपायों और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया। पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होता है तो उसे बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए। इसके अतिरिक्त आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। समय रहते शिकायत करने से आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिल सकती है। टिहरी पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया है। पुलिस का संकल्प साइबर जागरूक नागरिक और सुरक्षित डिजिटल उत्तराखंड का निर्माण करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed