Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। केंद्रीय सतर्कता आयोग के तत्वावधान में आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रो. एमएम सेमवाल के नेतृत्व में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज श्रीकोट में अलग-अलग शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों संस्थानों में संकाय सदस्यों कार्मिकों तथा छात्र-छात्राओं को सत्यनिष्ठा से समृद्धि की प्रतिज्ञा दिलाई गई। राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए प्रो.एमएम सेमवाल ने कहा कि चिकित्सा केवल आजीविका का माध्यम नहीं है बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक विश्वास से जुड़ा एक पवित्र दायित्व है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक और तकनीकी दक्षता किसी व्यक्ति को कुशल चिकित्सक बना सकती है लेकिन सत्यनिष्ठा और चिकित्सीय नैतिकता ही उसे समाज में सम्मान का पात्र बनाती है। उन्होंने भावी चिकित्सकों से आह्वान किया कि वे अपने नैदानिक निर्णयों में शुचिता निष्पक्षता और रोगी के कल्याण को सदैव सर्वोपरि रखें। इस अवसर पर एनाटॉमी विभागाध्यक्ष प्रो.अनिल द्विवेदी प्रो. निहिता ऐरन सहित वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इसके बाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज श्रीकोट में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रो.सेमवाल ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक संवाहक है। उन्होंने कहा कि एक सजग नागरिक के रूप में केवल मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहना पर्याप्त नहीं है बल्कि नागरिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना भी उतना ही अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि चरित्र निर्माण किसी भी राष्ट्र की स्थायी पूंजी है। यदि विद्यार्थी जीवन से ही विचारों में स्पष्टता और आचरण में शुचिता बनी रहेगी तो एक सुदृढ़ समाज की नींव स्वतः तैयार होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में अनुशासन पारदर्शी सोच और सामाजिक उत्तरदायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य भीम राज सिंह बिष्ट के साथ सुरेश गैरोला कृष्ण किशोर भंडारी अमन पंत चमन सिंह सहित समस्त शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। दोनों संस्थानों में उपस्थित जनसमूह ने अपने व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में सत्यनिष्ठा को आत्मसात करने तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed