प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल में तहसील विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर श्रीनगर निकट हनुमान मंदिर में सुरक्षित बचपन विषय पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल की कार्ययोजना तथा जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के अध्यक्ष के निर्देशानुसार प्रातः 09:30 बजे आयोजित किया गया। शिविर का नेतृत्व सिविल जज कनिष्ठ श्रेणी एवं तहसील विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष अलका ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बाल संरक्षण से संबंधित कानूनों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को पॉक्सो अधिनियम और बाल अधिकारों के बारे में बताया गया। इसके साथ ही बाल विवाह की रोकथाम तथा अच्छे स्पर्श और बुरे स्पर्श के बीच अंतर को समझाया गया। उन्होंने कहा कि कानून प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि किसी भी असहज स्थिति या उत्पीड़न का सामना करने पर वे डरें नहीं बल्कि तुरंत अपने शिक्षकों या अभिभावकों को इसकी जानकारी दें अथवा विधिक हेल्पलाइन की सहायता लें। इस दौरान बार एसोसिएशन श्रीनगर के संरक्षक अनूप श्री पांथरी ने कानूनी जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। बार अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद सिंह बुटोला ने भी बच्चों को दैनिक जीवन में नियमों का पालन करने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। शिविर में बार एसोसिएशन श्रीनगर के संरक्षक अनूप श्री पांथरी और अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद सिंह बुटोला मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंध समिति के व्यवस्थापक वासुदेव कंडारी और पीएलवी सदस्य मानव बिष्ट रोशनी देवी एवं प्रकाश नेगी भी शिविर में उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविंद सिंह सहित समस्त शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने शिविर में प्रतिभाग किया।
