प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। तहसील विधिक सेवा समिति श्रीनगर द्वारा आज पूर्वाह्न 10:15 बजे गुरुकुल स्कूल भक्तियाना में सुरक्षित बचपन विषय पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और बाल सुरक्षा तंत्र से अवगत कराना था। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित सिविल जज( जूनियर डिवीजन) एवं तहसील विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष अलका ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक सशक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए बच्चों का कानूनी रूप से जागरूक होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने साइबर सुरक्षा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग बाल श्रम निषेध कानून तथा बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बच्चों एवं जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था उपलब्ध है। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के संरक्षक अनूप श्री पांथरी एवं अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के अन्याय के विरुद्ध आवाज उठानी चाहिए। वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद सिंह बुटोला ने भी विद्यार्थियों को कानून से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के संचालन में पीएलवी सदस्य मानव बिष्ट रोशनी देवी एवं प्रकाश नेगी ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। इस मौके पर विद्यालय की अध्यापिका सुचिता सजवान सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
