Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड जखोली के ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत समिति (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकासात्मक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बैठक में भाग लेकर जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान सड़क पेयजल सिंचाई‌ आवास‌ विद्युत तथा ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली ने कहा कि बीडीसी बैठक जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच है जहां स्थानीय समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाती है। ग्राम प्रधान टाट ने बाल विकास विभाग से संबंधित मुद्दा उठाते हुए क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति सुधारने भवन की मरम्मत कराने तथा सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की। उनका कहना था कि सुरक्षा दीवार बनने से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और केंद्र की सुविधाएं बेहतर होंगी। ग्राम प्रधान बांसी ने अपने गांव स्थित शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर का विकास होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों की आस्था से जुड़े इस स्थल को नया स्वरूप मिलेगा। ज्येष्ठ प्रमुख नवीन सेमवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत सर्वेक्षण की तिथि बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि कई पात्र परिवार अब तक सर्वेक्षण में शामिल नहीं हो पाए हैं। यदि समय बढ़ाया जाता है तो अधिक जरूरतमंद लोगों को योजना का लाभ मिल सकेगा। प्रधान ग्राम पंचायत चौरा ने सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइट लगाए जाने की मांग रखते हुए कहा कि पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को रात के समय कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सोलर लाइट लगने से रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने के साथ ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्राम प्रधान मुन्नादेवल पुनीत डिमरी ने क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नहरों की मरम्मत की मांग की। उन्होंने बताया कि कई नहरें क्षतिग्रस्त होने के कारण किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं मिल पा रही है जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर विभागीय जानकारी साझा करते हुए समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। बैठक के अंत में ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच सतत संवाद एवं समन्वय आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैठक में प्राप्त सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष रितु नेगी ज्येष्ठ प्रमुख नवीन सेमवाल कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र सिंह मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत जिला विकास अधिकारी अनिता पंवार उप जिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया खंड विकास अधिकारी विजय सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp