Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश सरकार के सेवा सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि यह अभियान सरकार और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। इसके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ आमजन को अपनी समस्याएं सीधे सरकार के समक्ष रखने का प्रभावी अवसर मिल रहा है। क्षेत्र भ्रमण के तीसरे दिन सोमवार को कैबिनेट मंत्री ने विकासखंड बीरोंखाल के भरपूर बड़ा नेग्याणा कसाणी हलाड़ सैंधार भरोलीखाल तथा कमलिया वल्ला सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षेत्र को तीन करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 2.71 करोड़ रुपये की लागत से भगवती तलिया-कमलिया पांच किलोमीटर मोटर मार्ग पर आरसीसी सेतु निर्माण 39.18 लाख रुपये की लागत से सैंधार-नेग्याणा-चोरखिण्डा मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य तथा ग्राम पंचायत कैलाड़ में 10 लाख रुपये की लागत से पंचायत भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि भूमियाखांडा-किंगोड़ीधार डांडा नागराजा ग्राम समूह वेदीखाल बरसुण्डा देवता भैरोंगढ़ी जूनीसेरा-चौबट्टाखाल तथा हलूणी जैसी महत्वपूर्ण पंपिंग पेयजल योजनाओं के साथ विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से दूरस्थ गांवों में पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी तथा ग्रामीणों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा पखवाड़ा इसी सोच का परिणाम है जिसके माध्यम से जनसमस्याओं का मौके पर समाधान करते हुए विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी सुयश रावत कमल किशोर रावत ओमपाल बृजमोहन मैत्री प्रकाश दलीप सिंह स्वराज बहुखण्डी विनोद जोशी बचन सिंह निर्मला देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp