Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में राजकीय महाविद्यालय नैनबाग में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सीता कंवर उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता जिला विकास अधिकारी मो.असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। तहसील दिवस में स्वास्थ्य सड़क पेयजल सिंचाई जल निकासी पर्यटन खेल पुलिस चौकी उच्चीकरण अग्निशमन सेवा एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित 170 समस्याएं एवं मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। सदस्य जिला पंचायत जोत सिंह रावत ने मुख्यमंत्री घोषणा के क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उपजिला चिकित्सालय में उच्चीकृत करने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने बताया कि उच्चीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। साथ ही उन्होंने लोक निर्माण निरीक्षण भवन नैनबाग के जीर्णोद्धार जयद्वार तल्ला से सुरासूं खर्क मोटर मार्ग जयद्वार-त्याड़ा फल पट्टी मोटर मार्ग घण्डियाल-सरतली मोटर मार्ग परोगी-काण्डी मेलगढ़ मोटर मार्ग मौंगी-अल्मोड़ा थात मोटर मार्ग तथा कोटी-चोरवाणी फल पट्टी मोटर मार्ग के निर्माण से संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। ग्राम मोगी एवं ग्राम पाब की पेयजल योजना के संबंध में जिलाधिकारी को बताया गया कि हंस फाउंडेशन द्वारा कार्य किया जाना था लेकिन स्थानीय स्तर पर सहयोग न मिलने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को नया प्रस्ताव शासन को भेजने तथा उसे डीडब्ल्यूएसएम की बैठक में रखने के निर्देश दिए। वार्ड-15 के जिला पंचायत सदस्य रामदयाल शाह ने जल निकासी की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने तत्काल अतिक्रमण हटाकर नालियों की सफाई सुनिश्चित करने तथा एक सप्ताह के भीतर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं थराडा क्षेत्र में सेब के बाग के समीप जल निकासी की समस्या पर लोक निर्माण विभाग को नाली निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। ग्राम पंचायत नैनगांव जौनपुर के प्रधान विक्रम सिंह चौहान ने आपदा में क्षतिग्रस्त कनोगी तौक बडरी तौक एवं गूल के पुनर्निर्माण की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने लघु सिंचाई एवं सिंचाई विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश सिंह तोमर ने क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की समस्या उठाते हुए कूड़ा संग्रहण वाहन एवं रीसाइक्लिंग प्लांट की मांग की। जिलाधिकारी ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। ग्राम भटवाड़ी निवासी पूर्व सैनिक सुनील सेमवाल ने ग्राम भटवाड़ी को पर्यटन एवं तीर्थ पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने विकासखंड अधिकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों की समिति गठित कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। खुशीराम नौटियाल ने विद्यालय के लिए भूमि दान किए जाने के बावजूद पिछले लगभग दस वर्षों से शिक्षा विभाग में नियुक्ति न होने का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्रामवासियों ने नैनबाग के प्रसिद्ध निशानेबाज एवं खेल व्यक्तित्व स्वर्गीय जसपाल राणा की प्रतिमा स्थापित करने तथा द्रोणाचार्य द्वार के निर्माण की मांग की। जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी को संयुक्त रूप से प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रधान संगठन की ओर से नैनबाग पुलिस चौकी को उच्चीकृत करने नैनबाग शरदोत्सव के लिए धनराशि उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में बढ़ते किराए को नियंत्रित करने के लिए किराया निर्धारण की मांग रखी गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ग्रामवासियों ने एसडीआरएफ तथा फायर ब्रिगेड की एक-एक यूनिट स्थापित करने की मांग की। वहीं लखवाड़ बांध प्रभावित लोगों ने भूमि गणना एवं आकलन सूची उपलब्ध न होने की शिकायत की जिस पर जिलाधिकारी ने एसएलओ कार्यालय को सभी प्रभावित परिवारों को सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। तहसील दिवस में प्राप्त अन्य शिकायतों एवं मांगों पर भी जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी निस्तारण किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp