प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली श्रीनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172 के तहत विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 18 जुलाई 2026 की रात को कोतवाली श्रीनगर पुलिस ने केवी स्कूल के समीप शराब पीकर आपस में लड़ाई-झगड़ा और हुड़दंग कर रहे लोगों के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जो विभिन्न स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में साहिल गोस्वामी पुत्र गोकुल गोस्वामी निवासी कमलेश्वर मंदिर के पास श्रीनगर (उम्र 24 वर्ष) सूजल गौतम पुत्र मनोज कुमार निवासी विद्या विहार श्रीनगर (उम्र 22 वर्ष) सागर गोस्वामी पुत्र गोकुल गोस्वामी निवासी कमलेश्वर मंदिर के पास श्रीनगर दीपक रावत पुत्र जगदीश सिंह निवासी ग्राम डांग श्रीनगर प्रमोद प्रसाद बलोनी पुत्र स्वर्गीय चिंतामणि प्रसाद बलोनी निवासी कसमर्दनी मार्ग श्रीनगर (उम्र 35 वर्ष) अनुराग गिर पुत्र धीरेंद्र गिरदयाल निवासी डांग श्रीनगर (उम्र 26 वर्ष) तथा अनुज पुत्र मुकेश निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी अलकनंदा विहार श्रीनगर शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 172 के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने कानून-व्यवस्था भंग करने तथा आमजन की शांति में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
