Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा 20 जुलाई को जनपद पौड़ी गढ़वाल में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनजर जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद के सभी सरकारी अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार 20 जुलाई को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी के आदेशानुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी अशासकीय एवं निजी विद्यालय सोमवार को बंद रहेंगे। इसके साथ ही जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा। यह निर्णय संभावित भारी वर्षा आकाशीय बिजली तथा नदी-नालों और गदेरों में जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए एहतियात के तौर पर लिया गया है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी जिला शिक्षा अधिकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें नदी-नालों एवं गदेरों के समीप न जाएं तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों के निर्देशों का पालन करते हुए सतर्क रहें, ताकि जन-धन की हानि से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *