प्रदीप कुमार
रुड़की/हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी दीपावली पर्व एवं अन्य त्योहारों के दृष्टिगत अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और प्रभावी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हरिद्वार पुलिस एवं अग्निशमन विभाग द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के आदेशानुसार अग्निशमन अधिकारी रुड़की वंश नारायण यादव के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम ने रुड़की क्षेत्र में स्थित विभिन्न पटाखा फैक्ट्रियों एवं इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्रियों में स्थापित अग्निशमन व्यवस्थाओं एवं उपकरणों का भौतिक परीक्षण किया गया। टीम ने फायर पंप और हाइड्रेंट सिस्टम के साथ ही अग्निशामक यंत्र तथा होज रील और होज पाइप सहित अन्य अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की जांच की। इसके अतिरिक्त फैक्ट्री परिसर में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम और आपातकालीन निकास मार्गों के साथ ही ज्वलनशील सामग्री के सुरक्षित भंडारण तथा अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए उपलब्ध मार्गों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। इस दौरान फैक्ट्री संचालकों एवं संबंधित कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी अग्निशमन उपकरणों को सदैव कार्यशील एवं उपयोग के लिए तैयार रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया। आग लगने की स्थिति में तत्काल प्रभावी अग्निशमन एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली पर्व के दौरान पटाखों के निर्माण एवं भंडारण से संबंधित इकाइयों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
