प्रदीप कुमार
लक्ष्मणझूला-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी पुलिस द्वारा गुमशुदा व्यक्ति की तलाश में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें एसडीआरएफ एवं वन विभाग के साथ संयुक्त रूप से हर संभावित क्षेत्र में खोजबीन कर रही हैं। गंगा नदी और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी एवं कॉम्बिंग अभियान चलाकर गुमशुदा व्यक्ति की तलाश की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 अक्टूबर 2026 को नीरज गुप्ता उम्र 52 वर्ष निवासी नोएडा जनपद गौतमबुद्धनगर उत्तर प्रदेश को पनम्बी रिसोर्ट से गंगा नदी भोगपुर तल्ला की ओर जाते हुए देखा गया था। इसके पश्चात उनके लापता होने की सूचना थाना लक्ष्मणझूला पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता से आवश्यक कार्रवाई शुरू करते हुए लापता व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटाने और उनकी तलाश के प्रयास शुरू कर दिए। गुमशुदा व्यक्ति की तलाश के लिए पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमें लगातार संयुक्त रूप से सर्च अभियान चला रही हैं। इस दौरान गंगा नदी के आसपास के क्षेत्रों और नदी तटों के साथ ही संभावित आवागमन मार्गों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर गहन तलाशी की जा रही है। इसके साथ ही वन विभाग की टीम भी आसपास के जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाकर संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है। सभी टीमें आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ लगातार गुमशुदा व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई हैं।
