Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्री केदारनाथ धाम में रात्रि एवं भोरकाल के दौरान पुनः बर्फबारी होने से पूरी केदारपुरी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है। बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियां और चारों ओर फैली सफेदी धाम के प्राकृतिक सौंदर्य को और भी मनमोहक बना रही है। बर्फबारी के बीच भी श्रद्धालुओं में बाबा केदारनाथ के दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु पूरी आस्था और उमंग के साथ बाबा के दर्शन कर रहे हैं तथा धाम के दिव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण के साथ यहां के अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे हैं। बर्फबारी रुकने के बाद श्रद्धालुओं के श्री केदारनाथ धाम पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। श्रद्धालु पैदल मार्ग के साथ ही घोड़ा-खच्चर और डंडी-कंडी एवं हेलीकॉप्टर के माध्यम से धाम पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन कर रहे हैं। बढ़ती ठंड और बर्फीले मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था एवं उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दे रही है। वर्ष 2026 की श्री केदारनाथ धाम यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। आगामी 11 नवंबर 2026 को धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने जा रहे हैं। यात्रा के अब 10 दिन शेष हैं। इस वर्ष अब तक कुल 18 लाख 80 हजार 398 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के शेष दिनों में भी श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने का क्रम लगातार जारी है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन द्वारा धाम में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने और खान-पान के साथ ही पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया गया है। वहीं रुद्रप्रयाग पुलिस स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन एवं सुगम यात्रा संचालन के लिए निरंतर तत्पर है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि धाम में बढ़ती ठंड एवं बर्फबारी को देखते हुए पर्याप्त गर्म कपड़े साथ रखें। मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *