प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी चम्बा के पर्यवेक्षण में 1 नवंबर 2026 को कोतवाली कैम्पटी पुलिस ने नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की। चौकी नैनबाग क्षेत्रांतर्गत सिलासु पुल के पास चेकिंग के दौरान दो युवकों को 708 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद चरस की अनुमानित कीमत एक लाख 77 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अखिलेश चौहान पुत्र शैलेंद्र सिंह निवासी ग्राम देवजानी थाना मोरी जनपद उत्तरकाशी और राजमोहन पुत्र शूरवीर सिंह निवासी ग्राम देवजानी थाना मोरी जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद चरस के संबंध में कोतवाली कैम्पटी में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मंगेश कुमार और हेड कांस्टेबल अकबर अली के साथ कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह एवं कांस्टेबल अंकित रावत शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार एवं मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार एवं मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। टिहरी पुलिस ने नशामुक्त समाज और सुरक्षित देवभूमि के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
