Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.राम प्रकाश के टिहरी गढ़वाल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर स्थानांतरण होने पर सोमवार को विकास भवन सभागार में उनके सम्मान में गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ.राम प्रकाश द्वारा रुद्रप्रयाग जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि उनके कार्यकाल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए कई प्रभावी पहल की गईं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ.राम प्रकाश ने अपनी कार्यकुशलता समर्पण और संवेदनशील कार्यशैली से जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी। उन्होंने विशेष रूप से पिछले वर्ष आई आपदा तथा अन्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ.राम प्रकाश का अनुभव एवं प्रशासनिक क्षमता भविष्य में भी जनहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने में डॉ.राम प्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका की भी विशेष सराहना की। यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने स्वास्थ्य शिविरों के संचालन चिकित्सा टीमों की तैनाती तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाओं के सफल संचालन में उनके योगदान को उल्लेखनीय बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि डॉ.राम प्रकाश ने सदैव टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया तथा जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके सरल सौम्य एवं मिलनसार व्यक्तित्व की भी सभी ने प्रशंसा की। अपने संबोधन में डॉ.राम प्रकाश ने जिला प्रशासन विभागीय अधिकारियों कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिलने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रुद्रप्रयाग में कार्य करने का अनुभव उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा और यहां मिले सहयोग को वह हमेशा याद रखेंगे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि डॉ.राम प्रकाश के स्थानांतरण के बाद जनपद रुद्रप्रयाग में मुख्य चिकित्सा अधिकारी का दायित्व वर्तमान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ.सीमा टेकचंदानी द्वारा निर्वहन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *