Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ.आर.चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत राजनीतिक दलों के जनपद स्तरीय पदाधिकारियों उनके प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1) के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार की जा रही निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम समय-सारिणी तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ.आर.चौहान ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। इसके साथ ही पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने तथा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन की कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से अभियान में सक्रिय सहयोग करें ताकि निर्वाचक नामावली अधिक से अधिक शुद्ध अद्यतन और त्रुटिरहित तैयार की जा सके। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को किया जा चुका है। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा जबकि 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। बैठक के दौरान बूथ लेवल एजेंटों को गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया आवश्यक दस्तावेजों सत्यापन की कार्यप्रणाली तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण से संबंधित दिशा-निर्देशों की भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सभी राजनीतिक दलों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने में सहयोग करने का आग्रह किया गया। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एस.एल.शाह नोडल अधिकारी (राजनीतिक दल) मास्टर आदर्श सहायक नोडल अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में राजेंद्र सिंह राणा भरत सिंह रावत जगमोहन सिंह नेगी सुरेंद्र सिंह रावत जगदंबा नैनवाल महेश नेगी सहित अन्य बूथ लेवल एजेंट अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp