Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद की किशोरियों एवं बालिकाओं के सर्वांगीण विकास आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अभिनव पहल “प्रोजेक्ट स्नेह” आगामी 1 अगस्त 2026 से पूरे जनपद में शुरू किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उचित मार्गदर्शन परामर्श और विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रोजेक्ट स्नेह का उद्देश्य उन बालिकाओं तक पहुंचना है जो किसी कारणवश अपनी व्यक्तिगत सामाजिक अथवा पारिवारिक समस्याओं को अपने परिजनों शिक्षकों या अन्य लोगों के साथ साझा नहीं कर पाती हैं। इस अभियान के तहत उन्हें ऐसा सुरक्षित और विश्वासपूर्ण मंच उपलब्ध कराया जाएगा जहां वे खुलकर अपनी बात रख सकें और विशेषज्ञों से उचित मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग प्राप्त कर सकें। अभियान के अंतर्गत बालिकाओं को करियर मार्गदर्शन व्यक्तित्व विकास प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तन स्वास्थ्य एवं पोषण मानसिक स्वास्थ्य कानूनी अधिकार महिला एवं बाल अधिकार बाल विवाह निषेध साइबर सुरक्षा गुड टच-बैड टच लैंगिक संवेदनशीलता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही उनकी व्यक्तिगत समस्याओं को पूरी गोपनीयता के साथ सुनकर आवश्यक परामर्श और समाधान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से बहु-विभागीय टीम गठित की जाएगी। इस टीम में जिला प्रशासन पुलिस विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग स्वास्थ्य विभाग बाल कल्याण समिति तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहेंगे। यह टीम विद्यालयों में जाकर बालिकाओं से संवाद स्थापित करेगी और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास करेगी। अभियान के शुभारंभ अवसर पर 1 अगस्त से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें विशेषज्ञों द्वारा बालिकाओं से संवेदनशील संवाद स्थापित करने प्रभावी काउंसलिंग मनोवैज्ञानिक पहलुओं की समझ तथा गोपनीयता बनाए रखने सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। प्रोजेक्ट स्नेह का संचालन तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में विद्यालयों में पहुंचकर बालिकाओं से संवाद स्थापित किया जाएगा उनकी समस्याओं को समझते हुए आवश्यक काउंसलिंग दी जाएगी। दूसरे चरण में प्राप्त समस्याओं का विस्तृत विश्लेषण कर यह समझने का प्रयास किया जाएगा कि किन परिस्थितियों के कारण बालिकाएं अपनी बातें परिवार या अन्य लोगों से साझा नहीं कर पाती हैं। इसके आधार पर समाधान की रणनीति तैयार कर संबंधित विभागों के सहयोग से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। तीसरे चरण में विद्यालय स्तर पर अभियान के सफल संचालन के बाद इसका विस्तार ग्राम पंचायत और विकासखंड स्तर तक किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक किशोरियों एवं बालिकाओं को इस पहल का लाभ मिल सके और उनके लिए सुरक्षित सकारात्मक तथा संवेदनशील वातावरण तैयार किया जा सके। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि प्रोजेक्ट स्नेह केवल एक जागरूकता अभियान नहीं बल्कि बालिकाओं के विश्वास सुरक्षा आत्मसम्मान और उज्ज्वल भविष्य को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बालिका को अपनी बात कहने सुने जाने और उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने का अधिकार है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जनपद की कोई भी बालिका स्वयं को अकेला या असुरक्षित महसूस न करे तथा आवश्यकता पड़ने पर उसे समय पर उचित सहयोग और परामर्श उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *