Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने यात्रा मार्ग पर संचालित लंगर भंडारों का आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है। निरीक्षण के दौरान जनपद के गंगोत्री यात्रा मार्ग पर साईं सेवादल रोहतक द्वारा नागणी में संचालित लंगर शिवशक्ति कांवड़ सेवा द्वारा ताछला में संचालित लंगर तथा शिवशक्ति सेवा टूरिस्ट स्वरूपनगर (दिल्ली) द्वारा फकोट में संचालित लंगर भंडारों का खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए। निरीक्षण के दौरान सभी लंगर संचालकों को श्रद्धालुओं को स्वच्छ ताजा और गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही कृत्रिम और हानिकारक खाद्य रंगों का प्रयोग पूरी तरह से न करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान लंगर भंडारों में भोजन व्यवस्था सामान्य रूप से संतोषजनक पाई गई। अभियान के दौरान कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्रित कर प्रयोगशाला भेजे गए। इनमें मिठाई मठरी बालूशाही बर्फी के अलावा चावल आटा और बेसन के नमूने शामिल हैं। निरीक्षण दल में सहायक आयुक्त (खाद्य) प्रमोद रावत तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp