Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के 32 प्रमुख स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए गए हैं जहां यात्रा के दौरान अस्वस्थ होने या चोटिल होने वाले श्रद्धालुओं का तत्काल निशुल्क उपचार किया जा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आर.के.सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए इन स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सक पैरामेडिकल स्टाफ तथा आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की समुचित व्यवस्था की गई है। कांवड़ यात्रा के तीसरे दिन विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में कुल 11,508 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक 19,066 शिवभक्तों को निशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हरिद्वार कांवड़ यात्रा में पहली बार चार मेडिकल मोबाइल यूनिट भी शामिल की गई हैं। इन मोबाइल चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से यात्रा मार्ग पर जरूरतमंद श्रद्धालुओं तक तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं जिससे आपात स्थिति में भी शीघ्र उपचार उपलब्ध कराया जा सके। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सक एवं पैरामेडिकल टीमों को 24 घंटे सेवा में लगाया गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। सभी स्वास्थ्य शिविरों में पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयां चिकित्सा उपकरण एम्बुलेंस तथा प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने शिवभक्तों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें समय-समय पर विश्राम करें और यदि किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या महसूस हो तो बिना देर किए निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार अवश्य प्राप्त करें। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है और पूरी टीम पूरी तत्परता के साथ शिवभक्तों की सेवा में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp