Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रकाशित निर्वाचक नामावली से संबंधित नोटिसों के वितरण और आगामी दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने नोटिस वितरण की प्रगति सुनवाई की कार्ययोजना और कार्मिकों की तैनाती का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से पूरी की जाए। बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 63,347 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के 21,900 थराली विधानसभा क्षेत्र के 19,935 तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 21,512 नोटिस शामिल हैं। अब तक तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 49,072 नोटिसों का वितरण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने शेष नोटिसों के वितरण में और तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक समय पर नोटिस पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। सुनवाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक मतदेय स्थल के लिए सहायक एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा जनपद में कार्यरत 633 बीएलओ के सहयोग के लिए 633 अतिरिक्त कार्मिक भी नामित किए गए हैं ताकि दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई अभिलेखों के परीक्षण और निर्वाचन संबंधी अन्य कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराए जा सकें। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 अगस्त से 28 अगस्त थराली विधानसभा क्षेत्र में 3 अगस्त से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 3 अगस्त से 22 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सुनवाई स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं जिससे पूरी प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के संचालित हो सके। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में आवश्यकता पड़ने पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं ताकि किसी भी पात्र मतदाता को दावा या आपत्ति दर्ज कराने में कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp