Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के अद्यतन का कार्य जनपद रुद्रप्रयाग में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लगातार प्रगति पर है। वर्तमान में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने नोटिस वितरण तथा सुनवाई की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को बहुद्देशीय क्रीड़ा भवन अगस्त्यमुनि में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद के मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों तथा बूथ लेवल एजेंटों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति प्राप्त दावे एवं आपत्तियों नोटिस वितरण सुनवाई प्रक्रिया तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में राजनीतिक दलों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जाना सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करते हुए पात्र मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों सहित समय पर आवेदन करने के लिए प्रेरित करें। बैठक के दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों को फार्म-6 फार्म-7 सहित अन्य प्रपत्रों के उपयोग दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया नोटिसों की सुनवाई तथा आवश्यक पहचान एवं प्रमाण-पत्रों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं के लिए बूथ पर उपस्थित होकर सुनवाई में शामिल होना संभव नहीं होगा उनके निवास स्थान पर संबंधित बीएलओ पहुंचकर सत्यापन एवं सुनवाई की कार्रवाई करेंगे। इस दौरान संबंधित पटवारी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे ताकि आवश्यक अभिलेख एवं दस्तावेजों का तत्काल सत्यापन कर प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र रुद्रप्रयाग के मतदेय स्थल संख्या-136 प्राथमिक विद्यालय चमेली पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत नोटिस वितरण एवं सुनवाई कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों से नोटिसों प्राप्त दावे-आपत्तियों तथा सुनवाई की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एईआरओ बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। सभी पात्र मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल हो तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुनवाई प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे प्रत्येक प्रकरण का अभिलेखीकरण सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए तथा मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें जिससे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। बैठक में उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा भारतीय जनता पार्टी से मनोज राणा श्रीनंद जमलोकी उत्तराखंड क्रांति दल से राजकिशोर बिष्ट विक्रम फरस्वाण प्रेम रावत भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से हरीश गुसाईं सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि बूथ लेवल एजेंट तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp