प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 50 शिकायतें और मांग पत्र प्राप्त हुए जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है जिससे समस्याओं के समाधान के साथ ही जनता का प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ रहा है। जनता मिलन कार्यक्रम में सड़क निर्माण एवं दबान के मुआवजा वितरण पेंशन विद्युत पोल लगाने पेयजल पुनर्वास मुआवजा आधार कार्ड सीएससी सेंटर खोलने आवास सोलर लाइट लगाने सहित अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का यथासंभव अपने स्तर पर ही कैंप आयोजित कर निस्तारण करें ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा भी की। उन्होंने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय कृषि राजस्व वन पूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित लंबे समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में ग्राम साबली मल्ली रानीचौरी निवासी बिजलदास ने भवन के समीप स्थित चीड़ के दो बड़े पेड़ों से आंधी-तूफान के दौरान भवन एवं जान-माल को नुकसान की आशंका जताते हुए पेड़ों के पातन का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को आवश्यक परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विकासखंड चंबा के ग्राम बटखेम की प्रधान मंजू देवी ने अवगत कराया कि बटखेम के लिए मोटर मार्ग की स्वीकृति पूर्व में हो चुकी है किंतु पीएमजीएसवाई की ओर से अभी तक कार्रवाई नहीं की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई चंबा के अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण कर वन भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई नियमानुसार करने के निर्देश दिए। ग्राम सारपूल घनसाली निवासी मंजू देवी ने विधवा पेंशन के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को तत्काल नियमानुसार पेंशन स्वीकृति की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं दिखोलगांव की सुषमा देवी भेंतला प्रतापनगर के खुशाल सिंह तथा वेरनी छोटी के विशालमणि ने सड़क कटान के पश्चात भूमि दबान फसल फलदार वृक्ष एवं गूलों के क्षतिग्रस्त होने के प्रतिकर के संबंध में अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा निर्माणदायी संस्थाओं को सड़क कटान एवं दबान से प्रभावित लोगों के लंबित प्रतिकर मामलों का कैंप लगाकर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विकासखंड देवप्रयाग के गुड्डा सिंह कठैत ने बीपीएल राशन कार्ड में अनियमितता जंगली जानवरों के आतंक बाहरी राज्यों से आए लोगों के पुलिस सत्यापन स्यूटा-दासोली क्षेत्र में राजकीय अस्पताल को सुविधायुक्त बनाने तथा क्षेत्र में खराब पड़े हैंडपंपों के संबंध में शिकायत रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक परीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को जनपद में कुल हैंडपंपों की संख्या सक्रिय एवं खराब हैंडपंपों की स्थिति तथा मरम्मत योग्य हैंडपंपों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। चंबा विद्युत वितरण खंड के अंतर्गत ठेकेदार द्वारा लाइनमैन एवं अन्य कार्मिकों को वेतन न दिए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीओ चंबा को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं प्रतापनगर क्षेत्र में सड़कों की स्थिति के संबंध में बताया गया कि टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा आपत्ति दर्ज की गई है तो नियमानुसार संबंधित पक्ष से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कार्य विधिवत शुरू किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बरसात को देखते हुए टेंडर प्रक्रिया समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि बरसात के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी सीएमओ डॉ.राम प्रकाश जिला विकास अधिकारी मो.असलम एसडीएम कमलेश मेहता जिला आबकारी अधिकारी केपी सिंह जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं 50 शिकायतों पर त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
