Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। ज्ञान के प्रसार और युवाओं में पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की ओर से चलाए जा रहे ‘एक पुस्तक दान करें ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान को संभागीय परिवहन अधिकारी धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने नई गति दी। अभियान के तहत उन्होंने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को आठ महत्वपूर्ण पुस्तकें भेंट कीं। भेंट की गई पुस्तकें कलेक्टरेट पुस्तकालय में रखी जाएंगी जिससे अधिकारी कर्मचारी और आमजन इनका लाभ उठा सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य पुस्तकालय में ज्ञानवर्धक पुस्तकों का संग्रह बढ़ाने के साथ अधिक से अधिक लोगों को पढ़ने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर संभागीय परिवहन अधिकारी धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि किताबें किसी भी समाज की तरक्की की नींव हैं। ‘एक पुस्तक दान करें ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान का मकसद हर घर तक ज्ञान पहुंचाना है। अगर हर व्यक्ति एक पुस्तक दान करे तो जिले में ज्ञान का बड़ा पुस्तकालय बन सकता है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ये पुस्तकें व्यक्तित्व विकास वित्तीय साक्षरता और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने में मददगार साबित होंगी। उन्होंने अन्य अधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं से भी इस अभियान से जुड़कर पुस्तकें दान करने की अपील की। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp