Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में पत्रकार संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं शिक्षा व्यवस्था निर्माण कार्यों और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने कहा कि पत्रकारों के साथ नियमित संवाद से संस्थान के कार्यों को नई गति मिलती है और समय-समय पर मिलने वाला सकारात्मक फीडबैक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में मददगार साबित होता है। प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के लिए यह अच्छी बात है कि चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ.आशुतोष सयाना यहां प्राचार्य के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें मेडिकल कॉलेज की गतिविधियों व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं की पूरी जानकारी है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज की ओर से निदेशालय को भेजे जाने वाले प्रस्तावों पर शासन एवं निदेशालय स्तर से त्वरित कार्रवाई होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि डॉ.आशुतोष सयाना के कार्यकाल में बेस अस्पताल में कई महत्वपूर्ण सुविधाओं का विकास हुआ जिसका लाभ वर्तमान में मरीजों को मिल रहा है। प्राचार्य ने बताया कि मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए बेस अस्पताल में मरीज सहायता एवं जनसंपर्क कार्यालय स्थापित किया गया है। यहां मरीजों की विभिन्न समस्याओं को सुना जा रहा है और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सुविधाएं बढ़ने के साथ मरीजों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। डॉ.रावत ने बताया कि मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से अब तक 165 छात्र पीजी की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं जबकि वर्तमान में 114 विद्यार्थी विभिन्न पीजी पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज लगातार आगे बढ़ रहा है और बेस अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार का सीधा लाभ मरीजों को मिल रहा है। प्राचार्य ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की गतिविधियों और उपलब्धियों को व्यवस्थित रूप से सामने लाने के लिए अब हर माह अस्पताल का मासिक डेटा संकलित कर प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज की ओर से हर महीने न्यूज लेटर भी जारी किया जाएगा जिसमें अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज की प्रमुख गतिविधियों उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। बेस अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को होने वाली पार्किंग की समस्या को लेकर प्राचार्य ने कहा कि इस दिशा में भी कार्य चल रहा है। अस्पताल परिसर में पार्किंग का निर्माण कार्य जारी है जिसके पूरा होने के बाद मरीजों और तीमारदारों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं फैकल्टी के लिए ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण भी पूरा हो चुका है। डॉ.रावत ने बताया कि मेडिकल कॉलेज को जीवीके की ओर से उपलब्ध कराई गई जमीन पर भविष्य में पैरामेडिकल कॉलेज विभिन्न आवासीय परिसर और स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज और बेस अस्पताल में अब तक 170 से अधिक विकास कार्य किए जा चुके हैं। प्राचार्य ने कहा कि मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के माध्यम से अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर मिलने वाले फीडबैक से कमियों को दूर करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन भविष्य में भी पत्रकारों के साथ नियमित संवाद जारी रखेगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ वित्त नियंत्रक प्रशांत कुमार शर्मा एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एएन पांडेय सहित मेडिकल कॉलेज के अधिकारी मौजूद रहे।
चार नए पैरामेडिकल कोर्स जल्द होंगे शुरू
प्राचार्य ने बताया कि नेशनल कमीशन फॉर एलाइड एंड हेल्थकेयर प्रोफेशन्स (NCAHP) के तहत मेडिकल कॉलेज में जल्द ही चार नए पैरामेडिकल पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इनमें रेस्पिरेटरी टेक्नोलॉजिस्ट ऑप्टोमेट्री डाइटिशियन एवं न्यूट्रिशनिस्ट तथा डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा क्षेत्र में नए अवसर मिलने के साथ अस्पताल को प्रशिक्षित पैरामेडिकल मानव संसाधन भी उपलब्ध होगा।
हंस फाउंडेशन संभालेगा बेस अस्पताल की डायलिसिस यूनिट
प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने बताया कि शासन के निर्देश पर बेस अस्पताल की डायलिसिस यूनिट का संचालन हंस फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा। इसके लिए हंस फाउंडेशन की टीम बुधवार को बेस अस्पताल पहुंचेगी। जल्द ही संस्था के साथ एमओयू किया जाएगा जिसके बाद डायलिसिस यूनिट के संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *