Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, आधुनिक और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत जिला चिकित्सालय की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के साथ ही आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। जिला चिकित्सालय प्रबंधन समिति द्वारा भवन की मरम्मत एवं आवश्यक संसाधनों की मांग प्रस्तुत किए जाने पर जिलाधिकारी ने तत्काल 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की। इस राशि से चिकित्सालय भवन का रंग-रोगन आंगन की मरम्मत तथा विभिन्न वार्डों की खिड़कियों की मरम्मत का कार्य कराया गया। इन कार्यों से चिकित्सालय का वातावरण अधिक स्वच्छ सुरक्षित और व्यवस्थित हुआ है जिससे मरीजों तीमारदारों और चिकित्सकीय स्टाफ को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए 9 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि भी स्वीकृत की। इसके अंतर्गत ऑपरेशन थिएटर के लिए मोटरेबल ऑटोमेटेड ऑपरेशन टेबल प्रसव कक्ष के लिए ऑटोमेटेड मोटरेबल लेबर टेबल तथा 12 चैनल ईसीजी मशीन की खरीद की गई है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एलडी सेमवाल ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सरकारी जेम पोर्टल के माध्यम से उपकरणों का क्रय किया गया। ऑपरेशन टेबल एवं लेबर टेबल सहित 12 चैनल ईसीजी मशीन जिला चिकित्सालय को प्राप्त हो चुकी है। इससे हृदय रोगों की जांच की सुविधा और अधिक मजबूत होगी। आधुनिक ऑपरेशन टेबल और लेबर टेबल से शल्य चिकित्सा एवं प्रसव सेवाएं अधिक सुरक्षित सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण बनेंगी जबकि 12 चैनल ईसीजी मशीन उपलब्ध होने के बाद हृदय रोगों के त्वरित एवं सटीक परीक्षण की सुविधा भी मरीजों को जिला चिकित्सालय में ही मिल सकेगी। इससे गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिलेगा तथा उच्च चिकित्सा संस्थानों पर अनावश्यक निर्भरता भी कम होगी। आधारभूत संरचना के विकास और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से जिला चिकित्सालय की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण सुरक्षित और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही जनपद में उपलब्ध कराने की दिशा में यह प्रयास एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp