Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य चिकित्साधिकारी पौड़ी डॉ.मेघना असवाल ने कोट ब्लॉक के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसंतपुर टाइप-ए तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहेड़ाखाल टाइप-ए का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालयों में प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने दोनों चिकित्सालयों में स्थित आवासीय भवनों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालयों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। बहेड़ाखाल में निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय भवन के अंतर्गत टूटे हुए पुस्ते को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि भवन एवं परिसर से संबंधित आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि चिकित्सालय में आने वाले मरीजों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मुख्य चिकित्साधिकारी ने दोनों चिकित्सालयों के ओपीडी रजिस्टरों का भी निरीक्षण किया। रजिस्टरों का रखरखाव संतोषजनक पाया गया। उन्होंने सभी एएनएम को एएनसी तथा टीकाकरण से संबंधित सभी रजिस्टर नियमित रूप से भरने एवं उनका उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने पर भी जोर दिया ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी एवं समीक्षा प्रभावी ढंग से की जा सके। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता मदन सिंह नयाल प्रभारी चिकित्साधिकारी कोट डॉ.उपेंद्र अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.अमित मेहरा जेई आयुष मोहन सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp