प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नीलकंठ कांवड़ यात्रा महापर्व के सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न होने के उपरांत कांवड़ मेला ड्यूटी में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों होमगार्ड एवं पीआरडी जवानों के सम्मान में समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने दिन-रात पूरी निष्ठा अनुशासन धैर्य एवं सेवाभाव के साथ ड्यूटी निभाने वाले जवानों की पीठ थपथपाकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एसएसपी पौड़ी ने कहा कि नीलकंठ कांवड़ यात्रा में पुलिस जवानों ने केवल अपनी ड्यूटी नहीं निभाई बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उनके विश्वास की जिम्मेदारी भी अपने कंधों पर उठाई। भीड़ कितनी भी बड़ी रही हो और परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण रही हों, टीम भावना धैर्य अनुशासन और अथक मेहनत के साथ जवानों ने हर चुनौती का सामना किया। उन्होंने कहा कि इस महापर्व की सफलता पूरी टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों का बढ़ाया मनोबल
समारोह में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 100 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही भर्ती आरक्षी होमगार्ड एवं पीआरडी जवानों एसडीआरएफ अर्धसैनिक बल सहित अन्य जवानों के योगदान की भी सराहना की गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाईं मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र खाती सहित सभी जोनल एवं सेक्टर प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों एवं जोनल तथा सेक्टर प्रभारियों ने कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान अपने अनुभव भी साझा किए।
