प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनपद में 7 अगस्त से व्यापक गहन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य नगर निकायों और न्याय पंचायत क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित करना भी इस अभियान का अहम हिस्सा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों की विशेष टीम गठित की है और नामित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बुधवार को जलागम के उप निदेशक एवं ग्रामीण निर्माण विभाग की टीम ने विकासखंड जखोली की न्याय पंचायत कंडाली में स्थलीय निरीक्षण किया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसी क्रम में कोट बांगर क्षेत्र में तहसीलदार जखोली और खंड विकास अधिकारी जखोली ने बाजारों सार्वजनिक स्थलों नालियों और स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इससे पूर्व मंगलवार को सहायक निदेशक डेयरी विकास और जिला उद्यान अधिकारी के नेतृत्व में न्याय पंचायत डांगी में अभियान चलाया गया। इसमें तहसीलदार रुद्रप्रयाग लोक निर्माण विभाग जल निगम और ग्राम्य विकास विभाग की टीमें जवाड़ी और डांगी क्षेत्र में सक्रिय रहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के उल्लंघन पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें और कचरे का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुसार करें ताकि स्वच्छ और स्वस्थ जनपद का निर्माण हो सके।
