प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बद्रीनाथ वन प्रभाग की नवनियुक्त उप वन संरक्षक प्रणाली रमेश (भा.व.से.-2023) तथा केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के नवनियुक्त उप वन संरक्षक रजत सुमन (भा.व.से.-2023) ने जनपद में अपना पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान वन एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय और आपसी सहयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों उप वन संरक्षकों ने पुलिस अधीक्षक को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिवादन किया। पुलिस अधीक्षक ने दोनों अधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं तथा सफल कार्यकाल की कामना की। मुलाकात के दौरान जनपद में वन क्षेत्रों की सुरक्षा वन अपराधों की रोकथाम वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा वन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की आपदा या आपातकालीन परिस्थिति में दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने को लेकर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। अधिकारियों ने जनहित और वन संरक्षण से जुड़े विषयों पर आपसी सहयोग के साथ कार्य करने पर जोर दिया। चमोली जैसे विस्तृत वन क्षेत्र और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों वाले जनपद में वन एवं पुलिस विभाग का समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। अधिकारियों ने आवश्यकता के अनुरूप दोनों विभागों के बीच संवाद और सहयोग को और मजबूत बनाने की बात कही। नवनियुक्त अधिकारियों की यह शिष्टाचार भेंट वन एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय सहयोग और संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।
