Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के दिशा-निर्देशन में तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अमलेश कुमार की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में टिहरी गढ़वाल में पीएम राहत योजना के सफल संचालन के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में टिहरी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.राम प्रकाश ने चिकित्सा अधिकारियों नर्सिंग अधिकारियों एवं बीएफए को संबोधित करते हुए कहा कि गोल्डन आवर के अंदर मरीज की जान बचाना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। पैसे की कमी के कारण कोई भी व्यक्ति उपचार से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि पीएम राहत यानी कैशलेस उपचार योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले किसी भी व्यक्ति को बिना किसी वित्तीय बाधा के देश के सूचीबद्ध अस्पतालों में एक निश्चित राशि तक मुफ्त एवं कैशलेस उपचार प्रदान किया जाता है ताकि समय पर उपचार न मिलने के कारण होने वाली मृत्यु दर को कम किया जा सके। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी ब्लॉकों से आए चिकित्सा अधिकारियों को आईआरएडी ई-डीएआर टीएमएस 112 एवं पीएम राहत योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम राहत योजना को जिले में सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र का संचालन डिस्ट्रिक्ट रोलआउट मैनेजर रविंद्र सिंह चौहान द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान पीएम राहत योजना के क्रियान्वयन आईआरएडी यानी इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डेटाबेस ई-डीएआर यानी डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट पोर्टल तथा टीएमएस यानी ट्रीटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के समस्त चिकित्सा अधिकारियों नर्सिंग अधिकारियों एवं डेटा एंट्री ऑपरेटरों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp