प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री कृषि विकास योजना के अंतर्गत स्थापित राजकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र छाम आज वैज्ञानिक एवं आधुनिक कुक्कुट पालन को बढ़ावा देने के साथ ही किसानों और कुक्कुट पालकों को गुणवत्तापूर्ण ब्रॉयलर चूजे उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। जिलाधिकारी ने कहा कि हैचरी में प्रत्येक सप्ताह लगभग 3,500 से 4,000 ब्रॉयलर चूजों का उत्पादन किया जा रहा है। स्थापना के बाद से अब तक लगभग 95,000 चूजों का वितरण राज्य के विभिन्न जनपदों के किसानों एवं कुक्कुट पालकों को किया जा चुका है। किसानों को ये गुणवत्तापूर्ण चूजे बाजार मूल्य से 2 रुपये प्रति चूजा कम दर पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे किसानों को कम लागत में बेहतर गुणवत्ता के चूजे प्राप्त हो रहे हैं जिससे कुक्कुट पालन की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ उनकी आय में वृद्धि की संभावनाएं भी मजबूत हो रही हैं। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.डीके शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री कृषि विकास योजना के अंतर्गत स्थापित इस राजकीय ब्रॉयलर हैचरी की कुल लागत 301.97 लाख रुपये है जिसमें निर्माण कार्य पर 238.71 लाख रुपये तथा उपकरणों की स्थापना पर 63.26 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। यह उत्तराखण्ड की प्रथम राजकीय ब्रॉयलर हैचरी है जहां लगभग 1200 वेंकॉब-430 पैरेंट ब्रीडर पक्षियों का वैज्ञानिक ढंग से पालन किया जा रहा है। आधुनिक सेटर एवं हैचर मशीनों के माध्यम से अंडों का वैज्ञानिक ऊष्मायन कर उच्च गुणवत्ता वाले डे-ओल्ड ब्रॉयलर चूजों का उत्पादन किया जा रहा है। राजकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र छाम से उत्पादित चूजों का वितरण टिहरी गढ़वाल देहरादून पौड़ी गढ़वाल उत्तरकाशी सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में किया जा रहा है। इससे किसानों और कुक्कुट पालकों को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण चूजे उपलब्ध हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर चूजों की उपलब्धता से परिवहन लागत में कमी आने के साथ ही कुक्कुट पालन को छोटे एवं सीमांत किसानों तथा ग्रामीण युवाओं के लिए व्यवहारिक स्वरोजगार के अवसर के रूप में विकसित करने में मदद मिल रही है। प्रभारी अधिकारी राजकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र छाम साक्षी बिजल्वाण ने बताया कि प्रक्षेत्र में चूजों की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए जैव सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। नियमित टीकाकरण संतुलित आहार स्वच्छ पेयजल तापमान एवं आर्द्रता का वैज्ञानिक नियंत्रण तथा आधुनिक हैचरी प्रबंधन के माध्यम से स्वस्थ एवं गुणवत्तापूर्ण चूजों का उत्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाले चूजे उपलब्ध कराने के साथ कुक्कुट पालन में होने वाले जोखिम को कम करने में भी सहायता मिल रही है। राजकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र छाम सरकार की किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने की पहल का प्रभावी उदाहरण बन रहा है। हैचरी के माध्यम से एक ओर किसानों को किफायती दर पर गुणवत्तापूर्ण चूजे उपलब्ध हो रहे हैं वहीं दूसरी ओर कुक्कुट पालन के क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में कम भूमि पर भी कुक्कुट पालन को आय के अतिरिक्त साधन के रूप में अपनाने की संभावनाएं बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का लक्ष्य कृषि एवं पशुपालन आधारित गतिविधियों को आधुनिक तकनीक बेहतर गुणवत्ता और बाजार की मांग से जोड़ते हुए किसानों एवं पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। छाम की राजकीय ब्रॉयलर हैचरी इसी दिशा में आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड की मजबूत आधारशिला के रूप में कार्य कर रही है।
